ट्रिपल मर्डर से प्रयागराज के इस गांव में फैली दहशत

प्रयागराज, 16जून 2026 – मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में सोमवार रात हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हमलावरों ने घर के अंदर से बाहर तक दौड़ाकर वार किए। मंगलवार सुबह घटना का पता चलने पर गांव में हड़कंप मच गया।मृतकों की पहचान श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू (65) और उनके दो भाइयों की पत्नियों के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों के सिर पर कुल्हाड़ी जैसी भारी वस्तु से वार किया गया। खून से सनी लाशें घर के आहते से लेकर बाहर तक पड़ी मिलीं।घटना के वक्त घर में चार लोग थे। एक 60 वर्षीय महिला सुरक्षित मिली हैं। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। पुलिस उनसे भी घटना की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव ने बताया कि परिजनों ने पड़ोस के एक युवक के खिलाफ प्रेम प्रसंग को लेकर नामजद तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।पुलिस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। वारदात के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।








