ग़ाज़ीपुर

ग्हमर तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी लखन सिंह पर लगा NSA, जेल में रहते हुए हुई कार्रवाई

गहमर, गाजीपुर, 16 जून 2026 – थाना गहमर क्षेत्र में पिछले साल 24 दिसंबर 2025 को हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी लखन उर्फ विकास सिंह के खिलाफ गाजीपुर जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी फिलहाल जिला कारागार गाजीपुर में बंद है। 24 दिसंबर 2025 को ग्राम गहमर पट्टी खेलू राय स्थित तालाब के पास विक्की सिंह पुत्र संजय सिंह, सौरभ सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह और अंकित सिंह पुत्र अरुण कुमार सिंह की बाका और धारदार हथियार से बर्बरतापूर्वक हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड से पूरे गहमर क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। व्यापारी, बुजुर्ग और बच्चों तक में भय व्याप्त हो गया था और लोक व्यवस्था पूरी तरह छिन्न-भिन्न हो गई थी।वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ओम सिंह पुत्र पिन्टू उर्फ सुनील सिंह को 27 दिसंबर 2025 को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। इसके बाद 1 जनवरी 2026 को अमन सिंह पुत्र अरविन्द सिंह और अरविन्द सिंह उर्फ भदाकू पुत्र अंजनी सिंह को भी मुठभेड़ में घायल कर जेल भेजा गया।अन्य आरोपी अभिषेक सिंह, अमरजीत सिंह, कृपेन्द्र शंकर सिंह उर्फ नीरज सिंह, शैलेश सिंह और अंजनी सिंह को नियमानुसार गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। लखन उर्फ विकास सिंह पुत्र स्व. रमेश सिंह 14 जनवरी 2026 को गिरफ्तार हुआ था, जबकि अमित सिंह पुत्र अरविन्द सिंह भी वर्तमान में जिला कारागार में निरुद्ध है।NSA लगाने की वजह: पुलिस के अनुसार आरोपियों के कृत्य से गहमर क्षेत्र में आम लोगों में भारी दहशत थी। घटना के बाद लगातार पुलिस बल और पीएसी तैनात कर सुरक्षा दी गई। संभ्रांत लोगों और प्रशासन के सहयोग से जनता में कानून के प्रति विश्वास बहाल करने के लिए पुलिस लगातार भ्रमणशील रही।इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए 15 जून 2026 को लखन उर्फ विकास सिंह पर NSA की धारा 3 की उप धारा (2) के तहत कठोर कार्रवाई की गई। पुलिस का मानना है कि आरोपी का बाहर रहना लोक व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बन सकता है।गौरतलब है कि इस हत्याकांड में कुल 9 आरोपी जेल में हैं। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब भी सतर्क है।