ग़ाज़ीपुर

बिजली बिल के दबाव के चलते सुसाइड करने वाले के घर पहुंचे डीएम

सैदपुर, गाजीपुर, 16 जून 2026 – सैदपुर थाना क्षेत्र के मुरादचक गांव में बिजली बिल के बकाए और कथित विभागीय दबाव से तंग आकर जान देने वाले पान दुकानदार सुरेंद्र कश्यप के घर मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला पहुंचे। डीएम ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।सुरेंद्र कश्यप ने कथित रूप से सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली थी। उनके घर से बरामद सुसाइड नोट में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात लिखी है। घटना के बाद पूरे मुरादचक गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने विभागीय उत्पीड़न का आरोप लगाया है।मृतक की पत्नी ज्ञानती देवी ने बताया कि करीब नौ महीने पहले 1 लाख 12 हजार रुपये का बिजली बिल आया था। इसके बाद से परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। लगातार मिल रहे नोटिस और वसूली के दबाव से सुरेंद्र मानसिक तनाव में थे। घर की माली हालत खराब होने से पान की दुकान भी ठीक से नहीं चल पा रही थी।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को शासन स्तर से मिलने वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू की जाएगी। डीएम ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग का पक्ष :वहीं बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ई. सुधाकर ने बताया कि उपभोक्ता सुरेंद्र कश्यप पर बकाया बिल था। नियमानुसार वसूली के लिए आरसी जारी कर राजस्व अमीन को भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि विभाग ने कोई अनुचित दबाव नहीं बनाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।सुरेंद्र कश्यप की मौत के बाद मुरादचक में मातम पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटा दुकानदार इतना बड़ा बिल कैसे भरेगा। लोगों ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।