दहेज के लिए बंधक बनाकर पीटा, अप्राकृतिक शोषण का आरोप, एसपी के आदेश पर केस दर्ज

भांवरकोल, गाजीपुर, 21 जून 2026 – दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अप्राकृतिक यौन शोषण के प्रयास के गंभीर आरोप में गाजीपुर एसपी के आदेश पर भांवरकोल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के अगले ही दिन से उसे ससुराल में बंधक बनाकर पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की गई।मामला भांवरकोल क्षेत्र के वीरपुर गांव का है। यहां की निवासी सियाराम चौधरी की पुत्री रीना कुमारी की शादी 9 मार्च 2026 को नगदिलपुर, थाना रेवतीपुर निवासी हरिओम के साथ हुई थी।पीड़िता ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि ससुराल पहुंचते ही उसके साथ अमानवीय व्यवहार शुरू हो गया। आरोप है कि उसे 4-5 दिनों तक बंधक बनाकर पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की गई।रीना का आरोप है कि पति हरिओम ने कहा कि उसकी तीन और प्रेमिकाएं हैं और उसके साथ ऐसा ही व्यवहार रहेगा। पीड़िता को वहां से भाग जाने या जान से मार देने की धमकी दी गई।पीड़िता के अनुसार शादी में 1 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और पूरा घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल वाले और दहेज की मांग कर रहे थे।पीड़िता की शिकायत पर गाजीपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद भांवरकोल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस पंजीकृत कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी आरोपों की गहनता से जांच कर रही है।








