डीएम -एसपी करते रहे चक्रमण

गाजीपुर, 21 जून 2026 – राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित री-नीट यूजी परीक्षा-2026 रविवार को जनपद में कड़ी सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के बीच सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा ने संयुक्त रूप से एम0ए0एच0 इंटर कॉलेज और डी0ए0वी0 इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने सीसीटीवी कैमरों, स्ट्रांग रूम, प्रश्नपत्र वितरण व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया।जनपद में री-नीट यूजी परीक्षा के लिए 07 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा को सुचारू रूप से कराने के लिए 02 जोनल, 07 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 07 केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए थे। कुल 3318 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3059 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 259 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने केंद्र व्यवस्थापकों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। साथ ही समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि अभ्यर्थियों को असुविधा न हो।पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने बताया कि सुरक्षा के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाह या अनुचित गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।








