श्रावण मास को लेकर काशी में CM योगी का बड़ा ऐलान

वाराणसी 07 जुलाई 26:दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और आगामी श्रावण मास 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए, जिनमें सबसे बड़ा फैसला श्रावण मास के दौरान काशीवासियों के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अलग दर्शन मार्ग की व्यवस्था करना रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता:मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि श्रावण में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, खोया-पाया केंद्र, निःशुल्क लॉकर, आपदा प्रबंधन और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, विद्युत, लोक निर्माण, परिवहन और रेलवे विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। जल जीवन मिशन और विकास परियोजनाओं की समीक्षा:मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस योजना के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां भी पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाए, वहां सड़क की मरम्मत भी साथ-साथ कराई जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।बैठक में रोपवे परियोजना, यूनिटी मॉल, आनंद काशी, रुद्र काशी और काशी स्पोर्ट्स सिटी जैसी परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि रोपवे का कार्य अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। VIP दर्शन और महंगी वसूली पर सख्ती:मुख्यमंत्री ने मंदिर व्यवस्था में लगे कर्मचारियों की ड्यूटी में बदलाव करने के निर्देश दिए ताकि VIP दर्शन के नाम पर किसी भी श्रद्धालु के साथ धोखाधड़ी या अनुचित व्यवहार न हो। साथ ही होटल, रेस्तरां और बस स्टैंडों पर मनमाना शुल्क वसूलने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान:कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, फुट पेट्रोलिंग मजबूत करने, हर छह महीने में संवेदनशील ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का बदलाव करने और ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर बनाने के निर्देश दिए। गंगा में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लाइफ जैकेट, जल पुलिस और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री ने आगामी वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों को समय से पूरा करने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। विकास कार्यों की प्रगति:जिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक 536 विकास परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिनकी लागत ₹36,210 करोड़ है। जबकि वर्तमान में ₹25,007 करोड़ की 191 परियोजनाओं पर कार्य जारी है।बैठक में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, एडीजी पियूष मोर्डिया, डीआईजी वैभव कृष्णा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








