24 वर्षीय युवक को पिकअप ने मारा टक्कर, हुई मौत

गाजीपुर – करंडा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जीतेंद्र खाद-बीज भंडार के संचालक राजेश यादव के 24 वर्षीय पुत्र प्रियांशु यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कब व कहां हुआ हादसा:पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे प्रियांशु यादव अपनी दुकान जा रहे थे। करंडा-गाजीपुर मार्ग पर महारैली स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही पिकअप UP65 ET0781 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल गाजीपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भागने के प्रयास में पिकअप पेड़ से टकराईं:घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कुछ दूरी पर पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप को बरामद कर कब्जे में ले लिया।मृतक के परिजनों की तहरीर पर करंडा थाने में पिकअप चालक मनोज कुमार बिंद, निवासी सौरी, थाना शादियाबाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल और मृतक के घर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।








