शिक्षकों को वितरित किए गये कैशलेश चिकित्सा कार्ड

गाजीपुर, 08 जुलाई 2026 (सू0वि0) – माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में वाराणसी से आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में मा0 कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार रायफल क्लब में देखा एवं सुना गया।प्रदेश सरकार ने बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, केजीबीवी कर्मी, रसोइये एवं उनके आश्रितों को सरकारी व सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज मिलेगा।कार्यक्रम में जनपद के 10 शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। जनपद गाजीपुर में इस योजना से 8242 शिक्षक, 376 अनुदेशक, 6675 रसोइया एवं 2471 शिक्षा मित्र लाभान्वित होंगे।साथ ही शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत डीबीटी के माध्यम से जनपद के सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में प्रति छात्र ₹1,200 की धनराशि भेजी गई। जनपद में कुल ₹1.79 करोड़ की राशि हस्तांतरित की गई। यह राशि यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए दी गई है।मा0 कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि “यह योजना शिक्षकों के सम्मान की दिशा में बड़ा कदम है। अब इलाज के लिए जेब से पैसा नहीं लगेगा।”राज्य मंत्री अजीत सिंह पाल ने कहा कि “विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।”जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजना का प्रचार किया जाएगा ताकि कोई शिक्षक वंचित न रहे।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सुभासपा सुरेन्द्र राजभर, सीडीओ आलोक प्रसाद, बीएसए उपासना रानी वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं शिक्षामित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में 5 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अधिक नामांकन के लिए सम्मानित भी किया गया।








