करंट लगने से किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

गाजीपुर – मरदह थाना क्षेत्र के नोनरा गांव में बुधवार को खेत पर काम करते समय करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान 40 वर्षीय रणधीर सिंह के रूप में हुई है। कैसे हुई दुर्घटना:जानकारी के अनुसार, रणधीर सिंह बुधवार को अपने खेत में सिंचाई करने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने पंपसेट चालू करने का प्रयास किया, उसमें उतर रहे तेज विद्युत करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत देखा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरदह पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार पर टूटा दुख का पहाड़ :ग्रामीणों के अनुसार, रणधीर सिंह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी निशा, दो बेटियां कशिश और अंजलि तथा एक बेटा राज है। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।घटना की सूचना पर मरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष पवन उपाध्याय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।








