सोशल मीडिया के माध्यम से संचालित 56 गैंग्स , 423 बदमाश रडार पर

जौनपुर, 07 जून 2026 – सोशल मीडिया पर रील, हथियारों का प्रदर्शन और दहशत फैलाकर माहौल खराब करने वाले गैंगों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देश और एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह के नेतृत्व में 01 जून से 05 जून तक चले 5 दिवसीय विशेष अभियान में 56 गैंगों को चिन्हित कर 423 गैंग लीडर व सदस्यों पर कार्रवाई की गई है।सोशल मीडिया पर आतंक फैलाने का तरीका: पुलिस के अनुसार ये गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील, फोटो और वीडियो अपलोड कर अपना प्रभाव दिखाते थे। अवैध असलहों का प्रदर्शन कर आमजन में दहशत फैलाते, भय का माहौल बनाकर गुंडागर्दी-दबंगई करते थे। संगठित गैंग बनाकर मारपीट, धमकी और शांति भंग जैसी गतिविधियों में लिप्त रहते थे। अपराध संबंधी वीडियो-पोस्ट से युवाओं को भी गुमराह कर रहे थे। 5 दिन के अभियान में हुई कार्रवाई “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत जौनपुर पुलिस की कार्रवाई का ब्यौरा: चिन्हित गैंग: 56, गैंग लीडर व सदस्य: 423, दर्ज मुकदमे: 10, गिरफ्तारी: 8 अभियुक्त, गुंडा एक्ट: 44 अभियुक्त, 110 जी की कार्रवाई: 126 अभियुक्त, गैंगस्टर एक्ट: 6 अभियुक्त, निरोधात्मक पाबंदी: 90 अभियुक्त। जिले के प्रमुख चिन्हित गैंग: जौनपुर में महाकाल गैंग, अविरल गैंग, कर्रा गैंग, सूटर गैंग 505, कट्टा गैंग-606, टीम दादा मुफ्तीगंज 9696 गैंग, शक्तिमान गैंग, यदुवंशी गैंग, शिवा-94 गैंग, पंकज किंग-8558 गैंग, राउडी-001 गैंग, मेढ़ा गैंग, आशु यादव राइडर गैंग, जानसन गैंग और सावन गैंग सक्रिय पाए गए। आगे भी जारी रहेगा आपरेशन वज्रपात: पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सक्रिय नए आपराधिक गैंगों पर सतर्क नजर रखी जाएगी। चिन्हित गैंग लीडरों व सदस्यों के खिलाफ निरोधात्मक और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि अभियान का मकसद अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है। जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस सोशल मीडिया की 24 घंटे निगरानी कर रही है।








