सड़क अवरूद्ध कर रहा आरोपी, प्रशासन को देखते ही हुआ फरार

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र दुल्लहपुर में सड़क अवरुद्ध कर कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन ने गुरुवार शाम लगभग पांच बजे कार्रवाई की। प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचते ही आरोपित व्यक्ति घर छोड़कर फरार हो गया, जबकि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले आई।
जानकारी के अनुसार, विंध्याचल कुशवाहा एवं वासदेव मौर्य ने 01 जून 2026 को दुल्लहपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बेचू कुशवाहा द्वारा सार्वजनिक मार्ग को अवरुद्ध करते हुए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर दुल्लहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित का चालान किया था।
बताया जाता है कि जमानत पर रिहा होने के बाद भी बेचू कुशवाहा ने पुनः उसी स्थान पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़ित पक्ष ने दोबारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गुरुवार शाम करीब पांच बजे मौके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रशासनिक टीम को आते देख बेचू कुशवाहा अपने घर से निकलकर फरार हो गया। मौके पर निर्माण कार्य में लगे मजदूर ही मौजूद मिले, जिन्हें पुलिस आवश्यक पूछताछ के लिए थाने ले गई। वहीं घर पर मौजूद महिलाओं को प्रशासन ने निर्देश दिया कि संबंधित व्यक्ति को तत्काल थाने भेजा जाए।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। इस संबंध में दुल्लहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को है और प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा कानून व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण अथवा निर्माण पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।








