ग़ाज़ीपुर

कोटवा बाजार के युवक का शव बाठा गांव के पास मिला, संदिग्ध मौत हड़कंप

भांवरकोल, गाजीपुर, 20 जून 2026 – बाठा गांव के समीप शनिवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना भांवरकोल पुलिस को दी।मृतक की पहचान राजेश गुप्ता उर्फ रुखी (40 वर्ष) पुत्र अशोक गुप्ता, निवासी कोटवा बाजार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता अशोक गुप्ता ने बताया कि उनका पुत्र शुक्रवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।शनिवार सुबह ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि बाठा गांव के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर पिता ने शव की पहचान अपने पुत्र राजेश गुप्ता के रूप में की। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलते ही भांवरकोल पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।