पूर्वांचल

स्कूल बेटी को छोड़ लौट रही मां को बस ने कुचला, मौके पर हुई मौत

वाराणसी, 07 जुलाई 2026 – शिवपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। महिला अपनी 7 वर्षीय बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थी। घर से महज 100 मीटर की दूरी पर तेज रफ्तार प्राइवेट बस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतका की पहचान आकांक्षा श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय में वरिष्ठ प्रबंधक राहुल बसाक की पत्नी थीं।जानकारी के अनुसार, आकांक्षा मंगलवार सुबह अपनी बेटी प्रियांगी बसाक, जो कक्षा 3 की छात्रा है, को गिलट बाजार स्थित एक निजी विद्यालय छोड़ने गई थीं। बेटी को स्कूल छोड़कर वापस लौटते समय सुद्दीपुर स्थित रोटी ढाबा के सामने सड़क पार करते समय जौनपुर से वाराणसी की ओर आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गईं और बस का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर बस को रुकवाया और चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया।घटना की सूचना मिलते ही यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अंचल प्रमुख कामेश्वर राय, क्षेत्र प्रमुख शैलेंद्र कुमार सहित कई बैंक अधिकारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।परिजनों के अनुसार, राहुल बसाक और आकांक्षा श्रीवास्तव ने लगभग 10 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। इस हादसे के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।