ग़ाज़ीपुर

ब्लाक प्रमुख के चैंबर में मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल,3 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मुहम्मदाबाद, गाजीपुर – मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई पंचायत के दौरान एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्लाक प्रमुख के चैंबर में हुई मारपीट:पीड़ित जयशंकर राय, निवासी हाटा गांव, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 1 जुलाई को पूर्वाह्न करीब 11:43 बजे वह अपनी जमीन से जुड़े विवाद के संबंध में मुहम्मदाबाद ब्लॉक प्रमुख अवधेश राय के चैंबर में अपना पक्ष रख रहे थे।आरोप है कि इसी दौरान कृष्ण कुमार राय, राजकुमार राय और अभिषेक राय वहां पहुंचे और बातचीत के दौरान गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर बीच-बचाव कराया। आरोप है कि जाते समय तीनों ने जान से मारने की धमकी भी दी। वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा:घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।