ग़ाज़ीपुर

दवा कराने जा रही वृद्धा को ट्रक ने रौंदा, मौके पर मौत,पति घायल

गहमर, गाजीपुर, 17 जून 2026 – गहमर थानाक्षेत्र में बुधवार शाम एनएच 124सी पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। दवा कराने जा रहे दंपती को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।जानकारी के अनुसार भदौरा निवासी 75 वर्षीय जगदंबा राजभर अपनी 70 वर्षीय पत्नी तेतरी देवी को साइकिल पर बैठाकर दवा दिलाने जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे जब वे भदौरा बस स्टैंड तिराहे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि तेतरी देवी साइकिल से उछलकर सड़क पर गिर गईं और ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पति जगदंबा राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना देख स्थानीय लोग दौड़े और जगदंबा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सूचना पर पहुंची गहमर पुलिस ने उसे ट्रक समेत धर दबोचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना की खबर मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक और चालक पुलिस की हिरासत में हैं। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।एनएच 124सी पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने यहां स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।