कानून व्यवस्था ध्वस्त, फर्जी एनकाउंटर से नहीं सुधरेगी स्थिति – अखिलेश यादव

लखनऊ, 18 जून 2026 – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को नष्ट करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सतर्क है और इस बार भाजपा का कोई छल, बल, धोखा कामयाब नहीं होगा।बृहस्पतिवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं-कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “लोकतंत्र में जनता ही असली ताकत है। जनता भाजपा के झूठ और लूट को समझ चुकी है।”कन्नौज से गाजीपुर तक बच्चियों की हत्या,न्याय नहीं मिला:सपा प्रमुख ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाएं-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। “कन्नौज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, गाजीपुर, हाथरस, कानपुर समेत तमाम जिलों में बच्चियों की निर्मम हत्याएं हुई हैं, लेकिन पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। भाजपा सरकार में दोषियों को बचाया जाता है और निर्दोषों पर अत्याचार होते हैं।”अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार में महिला सुरक्षा के लिए बनाई गई 1090 सेवा को निष्क्रिय कर दिया। “1090 वीमेन हेल्पलाइन सेवा से महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा मिलती थी, उनकी मदद होती थी।”उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में फर्जी एनकाउंटर का डंका पीटा जा रहा है, लेकिन फर्जी एनकाउंटर से कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हो सकता।सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग में भ्रष्टाचार है, सरकारी धन की लूट हो रही है। जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं और भूमाफियाओं को सरकार का संरक्षण है। गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है, किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।उन्होंने दावा किया कि भाजपा को 2027 के चुनाव में इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। “जनता अच्छी तरह समझती है कि समाजवादी सरकार में ही कल्याणकारी राज्य की व्यवस्था लागू हो सकती है।”
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता








