विवाह समारोह में खूनी संघर्ष,दुल्हे के चाचा की मौत

वाराणसी, 18 जून 2026 – राजातालाब थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक विवाह समारोह उस समय मातम में बदल गया जब दुल्हन और दूल्हा पक्ष के बीच हुए खूनी संघर्ष में दूल्हे के चाचा की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, प्रेम विवाह से नाराज दुल्हन का भाई जयमाला के बाद अपने साथियों के साथ समारोह में पहुंचा और विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी मारपीट में बदल गई। बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के चाचा बहादुर राम (52) पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बहादुर राम को पहले जक्खिनी सीएचसी और फिर कबीरचौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।शुरुआती सूचना में गोली लगने से मौत की बात सामने आई थी। लेकिन डीसीपी गोमती/क्राइम नीतू कादयान ने स्पष्ट किया कि बहादुर राम की मृत्यु गोली लगने से नहीं, बल्कि चाकू के वार से हुई है।मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ पहले हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। मौत के बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।डीसीपी नीतू कादयान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली और फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। शादी की खुशियां मातम में बदलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।








