ग़ाज़ीपुर

भांवरकोल क्षेत्र पंचायत की बैठक में 2.60 करोड़ का बजट पास, विकास कार्यों की मिली मंजूरी

भांवरकोल, गाजीपुर, 18 जून 2026 – ब्लॉक मुख्यालय के प्रमुख कक्ष में गुरुवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2 करोड़ 60 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख श्रद्धा राय ने की।बैठक की शुरुआत पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। लेखाकार हरिशंकर प्रधान ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण पेश किया। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक ब्लॉक को करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपये प्राप्त हुए, जिसमें से 1 करोड़ 90 लाख रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए गए।खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार राय ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। महिलाओं की सहभागिता के बिना समग्र विकास संभव नहीं है।ब्लॉक प्रमुख श्रद्धा राय ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरत के अनुसार विकास कार्यों के प्रस्ताव देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।एडीओ (आरडी) दयानंद यादव ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं एडीओ (एमआई) ने सिंचाई से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।बैठक में प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय ‘मुन्ना’, ग्राम प्रधान राजेश कुमार राय ‘बंगाली’, लाल बहादुर कन्नौजिया, बिट्टू कुशवाहा, रविशंकर राय ‘संजू’, जुबैर अहमद, क्षेत्र पंचायत सदस्या संगीता देवी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। संचालन लेखाकार हरिशंकर प्रधान ने किया और अंत में ब्लॉक प्रमुख ने सभी का आभार जताया।