मऊ जंक्शन पर ट्रेन उद्धाटन कार्यक्रम में भिड़े सपा-भाजपा कार्यकर्ता

मऊ: मऊ जंक्शन पर रेल मंत्रालय की नई सौगातों के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट और नारेबाजी हुई। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा और घोसी से सपा सांसद राजीव राय की मौजूदगी में दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए। कार्यक्रम के दौरान शक्ति प्रदर्शन और विरोधी नारों ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया, जिससे उद्घाटन समारोह विवादों में घिर गया।संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही दोनों पक्षों के समर्थकों से कार्यक्रम से दूरी बनाए रखने की अपील की थी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में समर्थक कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। भारी सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच प्रशासन और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में नाकाम दिखाई दिए, जिसके चलते कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।भाषण के दौरान नारेबाजी से बढ़ा विवाद:प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सांसद राजीव राय को संबोधन का अवसर मिला तो मंत्री एके शर्मा के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे उनके भाषण में लगातार व्यवधान उत्पन्न हुआ। वहीं एके शर्मा ने अपने संबोधन के दौरान समर्थकों से कहा कि “ऊर्जा बचाकर रखिए, जमीन कब्जा करने वालों के खिलाफ यह काम आएगी।” इस टिप्पणी के बाद मंच पर मौजूद राजीव राय खड़े हो गए, हालांकि अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया। पूरे कार्यक्रम में दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई साफ नजर आई।रेल मंत्रालय ने मऊ को तीन महत्वपूर्ण रेल सुविधाओं की सौगात दी है। दोहरीघाट-मऊ मेमू ट्रेन का विस्तार वाराणसी तक किया गया है, आनंद विहार जाने वाली एक ट्रेन को नियमित दैनिक सेवा में बदला गया है, जबकि छपरा-दिल्ली ट्रेन को मऊ होकर संचालित करने की नई व्यवस्था की गई है। छपरा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जबकि मऊ में वर्चुअल माध्यम से एके शर्मा, सांसद राजीव राय और रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों का उद्घाटन किया। हालांकि विकास और नई सौगातों का यह कार्यक्रम राजनीतिक टकराव और वर्चस्व की जंग की भेंट चढ़ गया।








