ग़ाज़ीपुर

भेड़ पालन पर सरकार देगी लाखों का अनुदान

गाजीपुर 10 जून, 2026 : मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 अरविन्द कुमार शाही ने बताया है कि भेड़ पालन के क्षेत्र में ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन एवं पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में सुधार करने हेतु पशुपालन विभाग द्वारा भेड़ पालन की योजना (रा०यो०) (राज्यांश 90 प्रतिशत लाभार्थी अंश 10 प्रतिशत) अनुदान संख्या-15 के अन्तर्गत प्रति इकाई 20 मादा एवं 1 नर मेढ़ा उपलब्ध कराया जायेगा। प्रति इकाई मूल्य रू0 170000.00 होगा जिसका 90 प्रतिशत रू0 153000.00 राज्यांश (अनुदान) तथा 10 प्रतिशत रू0 17000.00 लाभार्थी अंश होगा। योजनान्तर्गत जालौनी, मुजफ्फरनगरी, नाली, बीकानेरी, मांगरा, राम्बुले-मैरिनो क्रास, मैरीनो-नाली क्रास, राम्बुले-नाली क्रास की भेड़े पाली जायेगी। जिसका क्रय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकानगर जनपद टॉक राजस्थान व केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान, मखदूम, फरह मथुरा, उ०प्र० द्वारा प्रमाणित ब्रीडर फार्मों से किया जायेगा। आवेदन हेतु पात्रता – लाभार्थी जनपद का स्थायी निवासी हो तथा आयु 18 वर्ष अथवा उससे अधिक का लघु, सीमान्त अथवा भूमिहीन कृषक होना चाहिए। भेड़ पालके के पास भेड़ों को रखने का पर्याप्त स्थान होना आवश्यक है। परम्परागत भेड़ पालकों एवं भेड़ पालन में उपरोक्त उल्लिखित संस्थाओं से प्रशिक्षण प्राप्त आवेदकों को प्राथमिकता के आधार पर चयनित किया जायेगा। जनपद गाजीपुर हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 में 05 इकाई स्थापित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इच्छुक भेड़ पालकों द्वारा दिनांक 25.06.2026 तक नजदीकी पशु चिकित्सालय अथवा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, गाजीपुर में सम्पर्क कर आवेदन कर सकते हैं।
…………………………