नवनिर्मित कान्हा गौशाला का डीएम, सीडीओ व भाजपा जिलाध्यक्ष ने काटा फीता

सेवराई, गाजीपुर, 17 जून 2026 – तहसील सेवराई क्षेत्र के नगर पंचायत दिलदारनगर स्थित ग्राम उसियाँ में मंगलवार को पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। नवनिर्मित कान्हा गौशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय एवं नगर पंचायत दिलदारनगर के अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर वहां चारा, पानी, शेड व चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीएम समेत सभी अतिथियों ने गौ-माता को गुड़, रोटी और केला खिलाकर गौ सेवा एवं पशु संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम में उपस्थित पशुपालकों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि गौशालाएं केवल निराश्रित गोवंश के संरक्षण का माध्यम नहीं हैं। ये ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक खेती तथा प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने का भी सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि गौवंश आधारित कृषि पद्धतियां किसानों की लागत कम करने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डीएम ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों का वितरण भी किया गया। यंत्र पाने वाले किसानों ने शासन-प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इन उपकरणों से खेती में सुविधा होगी और उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। अधिकारियों ने किसानों को कृषि यंत्रों के उपयोग, रखरखाव एवं आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी भी दी।भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों, पशुपालकों तथा ग्रामीणों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गौसंरक्षण, कृषि उन्नयन तथा ग्रामीण विकास की योजनाओं से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और किसानों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव, तहसीलदार सेवराई, भाजपा महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ हुआ।








