ग़ाज़ीपुर

अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने टाप-10 अपराधियों व माफियाओं पर दिया कठोर कार्रवाई का निर्देश

गाजीपुर, 17 जून 2026 – पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों और समस्त थाना प्रभारियों/थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक के साथ ही सैनिक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया।बैठक में एसपी महोदय ने थाना क्षेत्रों में होने वाले विभिन्न अपराधों की प्रकृति और अपराधियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडा, माफियाओं तथा अन्य किस्म के अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए सभी को निर्देशित किया। लंबित विवेचनाओं को जल्द निस्तारित करने पर भी जोर दिया गया।एसपी ने सुरक्षा और साक्ष्य-संकलन की दृष्टि से सार्वजनिक स्थानों पर कैमरे लगवाने और उन्हें लिंक करने, थानों पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। पुलिस बीट प्रणाली के सुदृढ़ीकरण, पुलिस पेंशनरों की मीटिंग, जनसुनवाई, आईजीआरएस, ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र आदि की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।सैनिक सम्मेलन में एसपी ने समस्त थानों पर तैनात नवनियुक्त आरक्षियों से भोजन और आवासीय व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जवानों को ड्यूटी में किसी तरह की परेशानी न हो।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त सर्किल के क्षेत्राधिकारी तथा सभी प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे। एसपी ने कहा कि जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पुलिस की पहली प्राथमिकता है।