बड़े भाई ने की छोटे भाई की बांस से पीटकर हत्या

आजमगढ़, 09 जून 2026 – मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव में मंगलवार की शाम संपत्ति विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सगे भाइयों के बीच हुए झगड़े में बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर बांस से वार कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया है। काफी समय से चल रहा था विवाद: प्राप्त जानकारी के अनुसार करसड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय जगदीश विश्वकर्मा पुत्र सुखराम विश्वकर्मा और उनके छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा पुत्र सुखराम विश्वकर्मा के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चला आ रहा था। मंगलवार शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बांस से सर पर किया प्रहार : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों भाई आपस में उलझ गए। इसी बीच आरोप है कि जगदीश विश्वकर्मा ने पास में रखा बांस का डंडा उठाकर ओमप्रकाश के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि ओमप्रकाश लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में कोहराम, पुलिस ने लिया हिरासत में:मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक और तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर मेंहनाजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मामले पर क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच मारपीट हुई थी। घटना में घायल ओमप्रकाश विश्वकर्मा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। आरोपी बड़े भाई जगदीश विश्वकर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।








