1.25 करोड़ के गांजा के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार

मुगलसराय (चंदौली) – उत्तर प्रदेश एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार किया है। मुगलसराय क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई कर अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को 505 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार तस्करों की पहचान बिहार के सासाराम निवासी सगे भाइयों सुरेंद्र सिंह यादव और राजकुमार यादव के रूप में हुई है। एसटीएफ वाराणसी इकाई को मिली पक्की सूचना पर मुगलसराय थाना क्षेत्र के कटरिया अंडरपास के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोका गया।तलाशी में ट्रक के अंदर मसाले और लोहे के एंगल के बीच छिपाकर रखी गई गांजे की खेप बरामद हुई। ट्रक से 505 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त टाटा ट्रक जब्त किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रायपुर से माल लोड करने के बाद ओडिशा के संबलपुर क्षेत्र से गांजा लेकर बिहार और पूर्वांचल के जिलों में सप्लाई करते हैं। यह खेप चंदौली के तस्करों तक पहुंचाई जानी थी, लेकिन उससे पहले ही STF ने दबोच लिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश जारी है।








