आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत

गाजीपुर, 05 जुलाई 2026 – थाना क्षेत्र के माहपुर के पास स्थित इसोपुर गांव में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3 बजे इसोपुर गांव निवासी विद्याकर चौहान अपने परिवार के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में गिरी और उसकी चपेट में विद्याकर आ गए।बिजली गिरने से विद्याकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।विद्याकर की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे 42 वर्षीय पत्नी चंद्रकला देवी, तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। घर के इकलौते कमाने वाले के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।








