ग़ाज़ीपुर

किशोर की गंगा में डूबने से मौत

भांवरकोल, गाजीपुर – स्थानीय थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव में गंगा नहाने गए 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे की है। शव को 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय मल्लाहों ने गंगा से बाहर निकाला।शेरपुर खुर्द निवासी पीयूष पाल पुत्र अमरपाल अपने साथी दीपक पाल, चंदन पाल और अन्य दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने और भेड़ धोने गया था। गंगा किनारे भेड़ धोने के बाद पीयूष अपने साथियों के साथ नहाने के लिए नदी में कूद गया।नहाते समय अचानक शोर मचा। पीयूष पाल और दीपक पाल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथी चंदन पाल आवाज सुनते ही गंगा में कूद गया और दीपक पाल को तो बचा लिया, लेकिन पीयूष को नहीं बचा सका। बताया गया कि पीयूष तैरना नहीं जानता था। गहरे पानी में जाने के कारण साथी कुछ समझ नहीं पाए और उसकी डूबने से मौत हो गई।सूचना पर स्थानीय मल्लाह मौके पर पहुंचे और करीब 2 घंटे के अथक प्रयास के बाद पीयूष का शव गंगा नदी से बाहर निकाला। पीयूष तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन अंजलि पाल और छोटा भाई अंकित पाल है। मौत की खबर मिलते ही मां सविता देवी और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव-मोहल्ले में मातम पसर गया।पीयूष पाल शहीद संस्मरण इंटर कॉलेज शेरपुर खुर्द में कक्षा 11 का छात्र था। इसी वर्ष उसने 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।स्थानीय लोगों की सूचना पर शेरपुर कला चौकी के दीवान कमला प्रसाद हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।