ग़ाज़ीपुर

मासूमों का निवाला भी ले गये चोर

नगसर, गाजीपुर – थाना नगसर क्षेत्र में सोमवार देर रात चोरों ने दो परिषदीय विद्यालयों पर धावा बोल दिया। सरहुला स्थित कम्पोजिट विद्यालय से बच्चों के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए रखा करीब तीन कुंतल खाद्यान्न चोरी हो गया, जबकि उजराडीह कम्पोजिट विद्यालय में चोर ताला तोड़ने के बाद भी खाली हाथ लौटे।घटना का पता मंगलवार सुबह चला जब सरहुला कम्पोजिट विद्यालय के शिक्षक स्कूल पहुंचे। रसोईघर का ताला टूटा हुआ था और एमडीएम का सारा राशन गायब था। प्रधानाध्यापक कविंद्र कुमार ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।विभागीय अधिकारियों के अनुसार, चोर लगभग 200 किलोग्राम गेहूं और 100 किलोग्राम चावल ले गए। इसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई जा रही है। यह राशन बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए स्टोर किया गया था।इसी रात चोरों ने उजराडीह कम्पोजिट विद्यालय को भी निशाना बनाया। वहां भी ताला तोड़ा गया, लेकिन प्रधानाध्यापक विनोद सिंह ने बताया कि चोर कोई सामान नहीं ले जा सके।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र सोनकर ने बताया कि सरहुला विद्यालय के किचन से एमडीएम का राशन चोरी हुआ है, जबकि उजराडीह में सिर्फ चोरी का प्रयास हुआ। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर जल्द खुलासे का दावा कर रही है।वहीं खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने कहा कि सरहुला से एमडीएम का खाद्यान्न चोरी होने की सूचना मिली है। विभाग अपने स्तर पर पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है।लगातार स्कूलों में हो रही चोरियों से शिक्षा विभाग में हड़कंप है। बच्चों के निवाले पर डाका डालने की इस घटना से अभिभावकों में भी नाराजगी है।