ग़ाज़ीपुर

खुद की बेटी को जहर देकर मारने वाली मां गिरफ्तार

भुड़कुड़ा, गाजीपुर, 1 जुलाई 2026 – कोतवाली भुड़कुड़ा पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए खुद की बेटी को जहर देकर हत्या करने वाली आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी महिला ने ही 22 जून को थाने में तहरीर देकर एक युवक पर बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। क्या था मामला:दिनांक 22.06.2026 को पुष्पा देवी पत्नी महेंद्र यादव, निवासी ग्राम घटारो, थाना भुड़कुड़ा ने थाने पर सूचना दी थी कि उसकी पुत्री मुस्कान को नमन पुत्र वीरेंद्र ने आत्महत्या के लिए प्रेरित किया। इससे मुस्कान ने जहरीला पदार्थ खा लिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस तहरीर पर मु0अ0सं0 150/26 धारा 108 BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भुड़कुड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने जब साक्ष्य संकलन शुरू किया तो कहानी पूरी तरह बदल गई। जांच में सामने आया कि मुस्कान ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी मां पुष्पा देवी ने ही उसे जहर देकर मारा था। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने केस में धारा तरमीम कर धारा 103(1)/123 BNS जोड़ी।पुलिस ने हत्या की आरोपी वादिनी बनी मां पुष्पा देवी पत्नी महेन्द्र यादव, उम्र 43 वर्ष को मंगलवार, 01.07.2026 को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हत्या के पीछे की असल वजह खंगाल रही है। शुरुआती चर्चा है कि मृतका मुस्कान मां के किसी संबंध में बाधा बन रही थी, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।इस कार्रवाई को उ0नि0 रणजीत कुमार सिंह, का0 आशुतोष वर्मा व म0का0 मानसी सैनी की टीम ने अंजाम दिया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।