औचक निरीक्षण में मिली खामियां,DM अनुपम शुक्ला ने जताई नाराजगी

गाजीपुर, 01 जुलाई 2026 – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को जनपद में संचालित गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्थाई गौशाला नगर पालिका परिषद मोहम्मदाबाद एवं स्थाई गौशाला कठऊत पहुंचकर गोवंशों के संरक्षण, देखभाल व व्यवस्थाओं की गुणवत्ता परखी। इस दौरान मिली खामियों पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और सुधार के सख्त निर्देश दिए।स्थाई गौशाला कठऊत के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए भूसा, पानी, हरे चारे की उपलब्धता, पशुओं की देखभाल एवं साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण में हरे चारे की व्यवस्था पशुओं की आवश्यकता के सापेक्ष अत्यंत कम पाई गई। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पशुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।जिलाधिकारी ने गौशाला में पशुओं की मृत्यु होने की स्थिति में उनके निस्तारण व दफनाने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिस स्थान पर मृत पशुओं को दफनाया जाता है, उस स्थान को ब्रैकेटिंग कर सुरक्षित रखा जाए। गौशाला में प्रकाश व्यवस्था की कमी मिलने पर डीएम ने परिसर में सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि में पर्याप्त रोशनी मिल सके।गौशाला संचालन में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कठऊत गौशाला के प्रशासक पद पर तैनात प्रधान को पद से पदच्युत करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौशालाओं में शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश भी दिए।








