भाजपाइयों ने मनाया उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व पूर्व राज्यपाल कालराज मिश्रा का जन्मदिन,काटा केक

गाजीपुर, 01 जुलाई – वरिष्ठ राजनेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र का जन्मदिन मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और दोनों नेताओं के दीर्घायु की कामना की।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि गाजीपुर की माटी के वीर सपूत कलराज मिश्र और मनोज सिन्हा ने भारतीय राजनीति में शुचिता और कर्मठता की एक मिसाल कायम की है। जब-जब अवसर मिला, दोनों नेताओं ने अपनी कार्य पद्धति का लोहा विकास कार्यों के बल पर मनवाया है। उन्होंने कहा कि आज देश के मुकुटमणि जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद और आतंकवाद को नेस्तानाबूद करने का काम कर मनोज सिन्हा ने स्वयं को साबित किया है। राय ने दोनों नेताओं के सुखद और मंगलमय जीवन की कामना की।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से लोकसभा प्रत्याशी पारसनाथ राय, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, राजेश चौहान, सुमित तिवारी, किरण सिंह, जिला कार्यसमिति सदस्य कार्तिक गुप्ता, अभिनव सिंह, अविनाश सिंह, सुभाष चौहान, रूपक तिवारी, ऋषभ राय, पवनसुत गुप्ता, अभिनव जायसवाल समेत अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।








