आग ने किया सबकुछ ख़ाक, परिवार खुले आसमान के नीचे

भांवरकोल, गाजीपुर – स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहारपुर में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक अग्निकांड में राम प्रकाश यादव का आशियाना उजड़ गया। मिट्टी के दीये से लगी आग ने देखते ही देखते तीन झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा अनाज, कपड़े, जेवर और नकदी समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।बताया गया कि शुक्रवार शाम अंधेरा होने पर घर की एक बालिका संझवती दिखाने के लिए मिट्टी का दीया जलाकर ले गई थी। दुर्भाग्य से हवा के साथ दीये की लौ झोपड़ी तक पहुंच गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की तीन झोपड़ियों तक फैल गई। सभी झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं।अग्निकांड में झोपड़ियों में रखा दस बोरी गेहूं, बारह बोरी चावल, दस थान गहने, नकदी और घर के सारे कपड़े जल गए। पीड़ित राम प्रकाश यादव का परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गया है।आग की लपटें उठती देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी और अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पाया। घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।








