ग़ाज़ीपुर

सूखे की आशंका,धान छोड़ दलहन मोटे अनाज की खेती करें – उप कृषि निदेशक

गाजीपुर, 27 जून 2026 – सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत अंधऊ के पंचायत भवन में शुक्रवार को आसन्न सूखा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और केसीसी कार्ड को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। उप कृषि निदेशक विजय कुमार ने किसानों से कम पानी वाली फसलों की खेती करने की अपील की।गोष्ठी को संबोधित करते हुए उप कृषि निदेशक विजय कुमार ने कहा कि इस बार कम वर्षा होने अथवा सूखा पड़ने की आशंका है। इसलिए धान के बजाय कम पानी चाहने वाली फसलें उर्द, मूंग, अरहर, ज्वार, बाजरा, मक्का की खेती करें। उन्होंने बताया कि सिंचाई का साधन होने पर भी कम पानी में खेती की कोशिश करें। धान की नर्सरी तैयार कर रोपाई करने की जरूरत नहीं है। पर्याप्त नमी में सीधे खेतों में बीज बोकर धान की खेती सफल रही है। इससे समय-पैसा दोनों बचता है और उत्पादन भी अच्छा मिलता है।अग्रणी जिला प्रबंधक, यूनियन बैंक राजदेव ने बताया कि किसान मात्र चार फीसदी ब्याज पर केसीसी कार्ड बनवा सकते हैं। केसीसी बनवाने से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बीमा अपने आप हो जाएगा। यदि केसीसी नहीं बनवाना चाहते तो भी फसल बीमा जरूर करवाएं, सूखा पड़ने पर क्षतिपूर्ति मिल सकेगी।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. शाही ने किसानों से खेती के साथ पशुओं का भी किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की अपील की। उन्होंने बकरी, भेड़, मुर्गी पालन पर जोर दिया। गरीब किसानों के लिए 5 बकरी + 1 बकरा की छोटी यूनिट की जानकारी दी। इसमें 60 हजार की लागत पर किसान को सिर्फ 6 हजार देने होंगे, बाकी 54 हजार सरकार सब्सिडी देगी। साथ ही 500 बकरियों तक की योजना और मिनी नंदिनी सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी।