ग़ाज़ीपुर

तीन दिवस के अन्दर ग्राम विकास योजना का प्रस्ताव तैयार किया जाये -जिलाधिकारी

गाजीपुर: प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की बैठक, डीएम ने दिए 3 दिन में वीडीपी तैयार करने के निर्देश।43 चयनित गांवों के समग्र विकास पर मंथन, ग्राम प्रधान व सचिवों को मिली जिम्मेदारी
पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत सभी योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन होगा।डीएम अनुपम शुक्ला बोले- लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही, गुणवत्तापूर्ण कार्य हों।जेई से आगणन बनवाकर समयबद्ध काम कराने के निर्देश। ख़बर विस्तार से – गाजीपुर, 03 जुलाई 2026 – प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं चयनित ग्रामों के समग्र एवं संतुलित विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।बैठक में योजना के तहत चयनित 43 ग्रामों से संबंधित विकास खंडों के ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव तथा सहायक ग्राम विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से ग्राम स्तर पर संचालित विकास कार्यों की जानकारी ली।बैठक को संबोधित करते हुए डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य चयनित ग्रामों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा सभी पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों की आवश्यकताओं का सूक्ष्म सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर ग्राम विकास योजना (वीडीपी) का प्रस्ताव तैयार किया जाए। सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा 03 दिवस के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामों में पेयजल, स्वच्छता, सड़क, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आवास, सामाजिक सुरक्षा एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम में विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय किए जाने के निर्देश दिए।बैठक में ग्राम प्रधानों को जनसहभागिता बढ़ाने, स्वच्छ एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायत सचिवों एवं सहायक ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शासनादेशानुसार वीडीपी तैयार कर जेई आरईडी/जेई एमआई से आगणन बनवाते हुए कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाएं।डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के माध्यम से ग्रामों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ, समृद्ध एवं विकसित बनाने की दिशा में सभी संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आए तथा उन ग्रामों को आदर्श ग्राम घोषित किया जा सके।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव एवं सहायक विकास अधिकारी तथा ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।