काशी विश्वनाथ धाम के VIP गेट पर एक्सीडेंटल फायरिंग,तीन घायल

वाराणसी: काशी विश्वनाथ धाम के वीआईपी गेट पर एक्सीडेंटल फायरिंग, पीएसी जवान की कार्बाइन से चले 2 राउंड, 3 दुकानदार घायल। सुबह 6:44 बजे ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, सड़क से उछले पत्थरों-छर्रों से 3 माला-फूल विक्रेता जख्मी। 57 सेकंड का CCTV फुटेज आया सामने, तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर
DIG और DCP मौके पर, कार्बाइन फायर के कारणों की जांच शुरू।ख़बर विस्तार से – वाराणसी, 05 जुलाई 2026 – काशी विश्वनाथ धाम के वीआईपी गेट नंबर-4 पर शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान एक पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक फायर हो जाने से हड़कंप मच गया। इस एक्सीडेंटल फायर में 3 दुकानदार घायल हो गए।शनिवार सुबह करीब 6:44 बजे नंदू फेरी गली के पास श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के दौरान 48वीं वाहिनी पीएसी के जवान अमरनाथ चौहान की कार्बाइन से अचानक दो राउंड फायर हो गए। राहत की बात यह रही कि गोलियां सीधे किसी को नहीं लगीं।लेकिन जमीन पर लगी गोलियों से उछले पत्थर और छर्रों की चपेट में आने से मंदिर के बाहर माला-फूल का कारोबार करने वाले निक्की गुप्ता, रामबाबू और विकास यादव घायल हो गए।घटना का 57 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में पीएसी जवान कार्बाइन संभालते हुए दिखाई दे रहा है। इसी दौरान अचानक दो राउंड फायर हो जाते हैं और फायरिंग के बाद जवान खुद भी चौंक जाता है।घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी रही। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत खतरे से बाहर है।डीआईजी शिव हरि मीणा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। वहीं डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि पीएसी जवान के हाथ से जमीन की ओर दो राउंड फायर हुए, जिनके छर्रों और उछले पत्थरों से तीन माला-फूल विक्रेता घायल हुए हैं।प्राथमिक जांच के बाद पीएसी जवान अमरनाथ चौहान को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार्बाइन से फायर किन परिस्थितियों में हुआ।







