देश / प्रदेश

भाजपा सरकार में ‘वोट चोरी,चन्दा चोरी, चढ़ावा चोरी ‘ हो रही है – अखिलेश यादव

लखनऊ – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं-कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की लोकतंत्र और संविधान में कोई आस्था नहीं है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता से हार गई तो अब सांसद खरीदने की योजना बना रही है ताकि भारतीय संविधान में मनमाने संशोधन कर सके। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार की तरह हिटलर भी जबरदस्ती बहुमत हासिल कर तानाशाह बन बैठा था।”सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में वोट चोरी, चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी हो रही है। भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। “भाजपा केंद्रीय बलों को लगाकर वोट चोरी करती है। मंदिरों में चढ़ावा चोरी हो रहा है। भाजपा भगवान से भी नहीं डरती। भगवान श्रीराम की कृपा से समाजवादी पार्टी ने चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी की आवाज उठाई,” उन्होंने कहा।अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग में लूट मची है। कमीशनखोरी के कारण पुलों, सड़कों और पानी की टंकियों का घटिया निर्माण हुआ। “भ्रष्टाचार के कारण कुछ भी टिकाऊ नहीं है। प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार को भी टिकने नहीं देगी।”उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार जरूरी है, नहीं तो उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव देश का अंतिम चुनाव होगा। “यूपी ही देश को बचा सकता है। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाने की ताकत रखती है।”सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों की जान की कोई कीमत नहीं है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। भ्रष्टाचार, लापरवाही, कमीशनखोरी के कारण अग्निकांड, दुर्घटनाएं और हत्याएं हो रही हैं। “इस सरकार में हर तरफ मौत ही मौत है। भाजपा सरकार अहंकार में है, संवेदनहीन है। उसने नौजवानों का जीवन संकट में डाला है।”अखिलेश यादव ने सपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने, एक-दूसरे का सम्मान करने और समाज में सद्भाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, “भाषा और व्यवहार ठीक रखें। जनता के बीच रहकर सम्पर्क और मदद करें। जनता ने तय कर लिया है कि वह भाजपा का भाषण नहीं सुनना चाहती। भाजपा बेईमान और झूठ बोलने वाली पार्टी है।”