ग़ाज़ीपुर

ताजिया दफनाने के दौरान ज़मीन विवाद,दो पक्षों में मारपीट: तीन घायल

मौधा, गाजीपुर – खानपुर थानाक्षेत्र के दरबेपुर गांव में शुक्रवार को मोहर्रम के मौके पर ताजिया दफनाने के दौरान जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। कहासुनी के बाद मामला मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्बला में ताजिया दफनाने की प्रक्रिया के दौरान जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।मारपीट की घटना में एक पक्ष के आसिफ व रजा तथा दूसरे पक्ष के मेहंदी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान एक पक्ष से आसिफ, रजा, इमरान, असगर, मिशम, टुन्नू और दूसरे पक्ष से मेहंदी, मंथन, मोहम्मद, दानिश, हरसद व सरदार का नाम सामने आया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। तत्काल खानपुर थानाध्यक्ष राजीव पांडेय मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार अजय वर्मा भी पहुंचे। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और गांव में शांति बहाल कराई गई।किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए गांव में अगले आदेश तक पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।